news-details

मिशन शक्ति के तहत आयोजित हुआ बहू-बेटी सम्मेलन

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  अमेठी। महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत जनपद में बहू-बेटी सम्मेलन एवं महिला सशक्तिकरण चौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर कार्यक्रम आयोजित किए।सम्मेलन के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए। उन्हें साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस सेवा 108, स्वास्थ्य सेवा 102 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई।पुलिस टीमों ने घरेलू हिंसा, गुड टच-बैड टच और साइबर अपराध जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की। महिलाओं को मिशन शक्ति केंद्रों की सेवाओं और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को पंपलेट वितरित कर सुरक्षा उपायों के प्रति सजग रहने की अपील की गई।