news-details

मेट्रो निर्माण के दौरान मकानों में दरारों की शिकायत

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। विजयनगर क्षेत्र में अंडरग्राउंड मेट्रो निर्माण के दौरान आसपास के मकानों में दरारें आने की शिकायत पर शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। सूचना पर विधायक सुरेंद्र मैथानी मौके पर पहुंचे और मेट्रो अधिकारियों की मौजूदगी में वाइब्रेशन मीटर से मशीन की कंपन की जांच कराई।विधायक ने बताया कि अंडरग्राउंड मेट्रो निर्माण में वाइब्रो हैमर मशीन का उपयोग किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप था कि मशीन की अधिक कंपन के कारण कई मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं। मौके पर निरीक्षण के दौरान विधायक ने प्रभावित मकानों का जायजा लिया और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।मैथानी के अनुसार, जांच के दौरान मशीन को वाइब्रेशन मीटर के साथ चलाया गया, जिसमें कंपन सुरक्षित सीमा के भीतर दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि भविष्य में निर्माण कार्य के दौरान कंपन की लगातार निगरानी के लिए स्थानीय लोगों और मेट्रो अधिकारियों की संयुक्त समिति बनाई गई है। यदि कंपन निर्धारित सीमा से अधिक पाई जाती है तो मशीन तुरंत बंद कराई जाएगी।विधायक ने दावा किया कि मेट्रो अधिकारियों ने प्रभावित मकानों की मरम्मत और नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है और यदि किसी के घर या जीवन पर खतरा हुआ तो निर्माण कार्य भी रुकवाया जाएगा।वहीं, मेट्रो प्रशासन ने अपने बयान में कहा है कि निर्माण कार्य के कारण मकानों में दरारें आने की पुष्टि नहीं हुई है। मामले को लेकर जांच और निगरानी जारी है।