
PARDARSHI VIKASH NEWS महेवा विकास खंड की ग्राम पंचायत मडौली में केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर नल, हर घर जल’ योजना का कार्य अधूरा पड़ा है। ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य बीच में छोड़ दिए जाने के कारण ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल नहीं मिल पा रहा है और गांव में गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है।ग्रामीणों के अनुसार, पानी की टंकी का निर्माण कार्य कई महीनों से बंद पड़ा है। ठेकेदार के काम अधूरा छोड़ने से पूरी परियोजना ठप हो गई है। यह योजना राष्ट्रीय पेयजल योजना, जलशक्ति मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और नमामि गंगे योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ पानी पहुंचाना है।बताया गया कि पानी की टंकी का निर्माण 3 मार्च 2023 को 371.88 लाख रुपये की लागत से शुरू हुआ था और इसे वर्ष 2025 तक पूरा किया जाना था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।मामले में जेई उमेश चौहान ने बताया कि बजट के अभाव में जलनिगम के ठेकेदार ने काम बंद कर दिया था। उन्होंने कहा कि अब शासन स्तर से बजट जारी किया जा रहा है और जल्द ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाएगा।ग्राम प्रधान निर्मल सिंह चौहान, पूर्व प्रधान मनोज मिश्रा, ब्रजेन्द्र चौहान, लालजी चौहान और वैभव यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि योजना बंद होने से गांव में स्वच्छ पेयजल की समस्या लगातार बढ़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है।एडीओ पंचायत इंद्रपाल भदौरिया ने बताया कि वह जलनिगम अधिकारियों के संपर्क में हैं और भीषण गर्मी को देखते हुए रुके हुए कार्य को जल्द शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके