
पारदर्शी विकास न्यूज़ हमीरपुर। शारदीय नवरात्र के अवसर पर चौरा देवी मंदिर परिसर में आयोजित मेले में बिछड़ी चार वर्षीय बच्ची को महिला आरक्षी सेजल झा ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल परिजनों से मिला दिया। रविवार सुबह करीब 7:15 बजे बच्ची के लापता होने की सूचना मिली। परिजन काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं लगा पा रहे थे। कोतवाली नगर में तैनात महिला आरक्षी सेजल झा ने जानकारी मिलते ही बच्ची की तलाश शुरू की। उन्होंने स्थानीय लोगों और परिजनों के सहयोग से मंदिर परिसर तथा मेले में खोजबीन की। कुछ ही प्रयासों के बाद बच्ची को सकुशल खोजकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और महिला आरक्षी का आभार जताया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी उनकी संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।