news-details

महिला ने लगाया शोषण और उत्पीड़न का आरोप

You can share this post!

 

भरोसे का फायदा उठाकर महिला का उत्पीड़न, वीडियो वायरल करने की धमकी

 

सुधीर भारद्वाज 
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक महिला ने युवक पर शोषण, उत्पीड़न और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र निवासी रीना दुबे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति की करीब चार वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। आरोप है कि इसी दौरान उनकी पहचान जस्वंतनगर क्षेत्र निवासी उपदेश यादव उर्फ भुरे से हुई। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने सहानुभूति दिखाकर धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाईं और भरोसे में लेकर उनका मानसिक व आर्थिक शोषण किया।महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके सोने की चेन, दो अंगूठियां और करीब तीन लाख रुपये अपने कब्जे में ले लिए। इतना ही नहीं, आरोपी उस पर दबाव बनाकर गलत कार्य कराने की कोशिश करता था। जब महिला ने अपने जेवर और रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे धमकाना शुरू कर दिया।पीड़िता के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 की शाम करीब 8 बजे आरोपी ने उसे साईं कोल्ड स्टोर के पास बुलाया, जहां उसके साथ अभद्रता की गई। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और कहा कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो उसकी वीडियो वायरल कर बदनाम कर देगा।महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था, जिससे वह काफी डरी और सहमी हुई थी। पीड़िता का कहना है कि उसे अपनी जान-माल का खतरा महसूस हो रहा है।मामले को गंभीरता से लेते हुए फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दर्ज एफआईआर में धोखाधड़ी, उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और महिला के शोषण से संबंधित धाराएं शामिल की गई हैं। पुलिस ने मामले की जांच उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह को सौंपी है।थाना पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।