
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। गौरीगंज में जन कल्याण समिति की अध्यक्ष रीता सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने 16 जुलाई को बिजली कटौती के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों पर अभद्र व्यवहार और अशोभनीय टिप्पणी करने का आरोप लगाया तथा कार्रवाई की मांग की। एसपी सरवणन टी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। रीता सिंह ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। 16 जुलाई के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने रीता सिंह, उनके पुत्र और अन्य लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।