
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। रावतपुर विनायकपुर इलाके में मकान की मरम्मत के दौरान रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। एक युवक ने पड़ोसियों पर 10 लाख रुपये की मांग करने, धमकी देने और निर्माण कार्य रुकवाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़ित सुधांशु, निवासी राजीव नगर विनायकपुर, ने बताया कि वह अपने घर की मरम्मत करा रहे थे, तभी पड़ोस में रहने वाले राजबहादुर, उनके परिजन और प्रशांत सिंह ने काम में बाधा डालना शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने कहा कि इलाके में बिना उनकी अनुमति कोई काम नहीं हो सकता और इसके बदले 10 लाख रुपये की मांग की गई।आरोप है कि विरोध करने पर परिवार की महिलाओं ने भी अभद्रता की और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि दबाव में आकर उन्होंने एक लाख रुपये दे दिए, लेकिन इसके बाद भी आरोपियों ने नौ लाख रुपये की और मांग शुरू कर दी।पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि पैसे न देने पर उनके खिलाफ अलग-अलग विभागों में फर्जी शिकायतें भेजकर परेशान किया जा रहा है।मामले की शिकायत पर पुलिस ने रंगदारी मांगने और धमकी देने समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और आगे कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।