
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। नवीन पुलिस लाइन गौरीगंज में आयोजित लखनऊ जोन की 13वीं अन्तर्जनपदीय मलखम्भ प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में अमेठी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल किया। एकल स्पर्धा में भी अमेठी के खिलाड़ियों ने तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया।समापन समारोह में जिलाधिकारी शशांक चौधरी मुख्य अतिथि रहे। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने उनका स्वागत किया। प्रतियोगिता में लखनऊ जोन के छह जनपदों की टीमों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने मलखम्भ पर संतुलन, लचीलापन, शक्ति और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया।टीम स्पर्धा में अमेठी ने 38.5 अंक हासिल कर पहला, अम्बेडकरनगर ने 22 अंकों के साथ दूसरा और बाराबंकी ने छह अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। एकल स्पर्धा में आरक्षी कुमार गौरव नौ अंकों के साथ प्रथम, आरक्षी प्रमोद कुमार आठ अंकों के साथ द्वितीय और आरक्षी शिवम तिवारी तीन अंकों के साथ तृतीय रहे।जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।