
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' के 135वें एपिसोड में कहा कि भारत आज समुद्र से लेकर आसमान तक पहले से अधिक सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि इसी महीने डीआरडीओ ने स्वदेशी लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। साथ ही 'मेक इन इंडिया' अभियान के तहत तैयार C-295 सैन्य विमान ने अपनी पहली सफल उड़ान पूरी की है और ऐसे 40 विमान देश में ही बनाए जा रहे हैं। पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सफलता का भी जिक्र करते हुए बताया कि इस बार दुनिया के 2500 से अधिक स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित हुए और विश्व योगासन चैम्पियनशिप में भारत ने 114 पदक, जिनमें 102 स्वर्ण पदक शामिल हैं, जीतकर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने असम की 'हरगिला आर्मी', मेघालय के जीवित रूट ब्रिज और नगालैंड की बेबी लीग व महिला फुटसल लीग की सराहना की। इसके अलावा महाराष्ट्र में सामूहिक दुर्घटना बीमा, बिहार के नालंदा विश्वविद्यालय की शास्त्रार्थ परंपरा, दिल्ली की सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी में एआई आधारित बी-टेक और मध्य प्रदेश में प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण की भी चर्चा की। पीएम ने लोगों से गणेश उत्सव पर पीओपी की बजाय मिट्टी से बनी और स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार मूर्तियां खरीदने की अपील भी की।