
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के लिए जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य ने बताया कि कैंप सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होंगे।उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे। मतदाता पंजीकरण के लिए फार्म-6 उपलब्ध होंगे और नागरिकों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी। पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पहुंचकर आवेदन करें।आवेदन के लिए अद्यतन फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्व-प्रमाणित प्रतियां साथ लानी होंगी। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) नंबर उपलब्ध होने पर उसका विवरण भी ले जा सकते हैं।अभियान के प्रचार-प्रसार के साथ अधिकारियों द्वारा कैंपों का निरीक्षण भी किया जाएगा। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के इच्छुक नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in या ECINET मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है।