
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन ने मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने और ईवीएम-वीवीपैट की जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।बैठक में बताया गया कि एक अक्टूबर 2026 से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का अभियान चल रहा है। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के दौरान नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। यह फॉर्म बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के पास उपलब्ध है। प्रशासन ने राजनीतिक दलों से पात्र मतदाताओं को आवेदन के लिए प्रेरित करने की अपील की।
12 अक्टूबर से ईवीएम की जांच
बैठक में जानकारी दी गई कि भारत निर्वाचन आयोग से अधिकृत इंजीनियरों के माध्यम से ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) 12 अक्टूबर से प्रस्तावित है। राजनीतिक दलों से अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को नामित कर उनके पहचान संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया।बैठक के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान जांच की तैयारियों और संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु बनाने पर जोर दिया।