news-details

मतदाता सूची से महंगाई तक गरजे सपाई

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो  कुशीनगर। समाजवादी पार्टी ने आगामी दिनों में जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करने का संकेत दिया है। शनिवार को पार्टी के जिला मुख्यालय स्थित लोहिया भवन, सोहरौना में आयोजित बैठक में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों, कानून व्यवस्था, महंगाई, पेपर लीक और किसानों की समस्याओं को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामअवध यादव ने की। बैठक को संबोधित करते हुए रामअवध यादव ने कहा कि मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर एक ही व्यक्ति का नाम एक से अधिक बार दर्ज है, जबकि अनेक जीवित मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है। पार्टी कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे और जहां भी गड़बड़ियां मिलेंगी, उनकी शिकायत चुनाव आयोग से की जाएगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। इसके साथ ही नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के बढ़ते दामों से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हैं, जबकि लगातार हो रही बिजली कटौती भी चिंता का विषय बनी हुई है।जिलाध्यक्ष ने किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर किसान परेशान हैं। वहीं नीलगाय और आवारा पशुओं के कारण फसलों को भारी नुकसान हो रहा है, लेकिन सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठा पा रही है।बैठक में निर्णय लिया गया कि इन सभी जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी 15 जून को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगी। इस दौरान प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। बैठक में डॉ. पीके राय, कासिम अली, जावेद इकबाल, राजेश प्रताप राव, बृजेंद्र पाल उर्फ बबलू, विक्रम यादव, वीरेंद्र सिंह सैथवार, हरीश राणा, इंजीनियर राहुल यादव, हसमुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।