
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के जमुनापार क्षेत्र स्थित लोहवन गांव के योगमाया माता मंदिर में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। चोर सीढ़ी लगाकर मंदिर की खिड़की तक पहुंचे और शीशा तोड़कर अंदर घुस गए, जिसके बाद दान पेटी चोरी कर फरार हो गए।जानकारी के अनुसार, चोरों ने पूरी वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी। पहले उन्होंने सीढ़ी की मदद से खिड़की तक पहुंच बनाई और फिर कांच तोड़कर मंदिर के अंदर प्रवेश किया।मंदिर में रखी दान पेटी, जिसमें लंबे समय से धनराशि जमा थी, चोर अपने साथ ले गए। ग्रामीणों का कहना है कि यह दान पेटी करीब एक साल से नहीं खोली गई थी, इसलिए उसमें अच्छी-खासी रकम होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन दान पेटी मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा।मंदिर के पुजारी के अनुसार, वह रात करीब 8:15 बजे मंदिर बंद कर घर चले गए थे। सुबह लगभग 4 बजे जब वह वापस पहुंचे तो खिड़की का शीशा टूटा हुआ था और दान पेटी गायब मिली।घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।