
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के औरंगाबाद स्थित एचडीबी फाइनेंस कंपनी की शाखा में करोड़ों रुपये के फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। कंपनी के सेल्स ऑफिसर राजकुमार उर्फ राजू पर मृत व्यक्तियों के नाम पर फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाकर 11 ट्रैक्टरों का फाइनेंस कराने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने जाली दस्तावेजों के जरिए अलग-अलग नामों से ऋण स्वीकृत कराए। मामले का खुलासा कंपनी के ही एक कर्मचारी की गोपनीय शिकायत के बाद हुआ, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच शुरू की गई। तीन दिनों तक चली जांच में कई दस्तावेजों और फाइनेंस रिकॉर्ड की पड़ताल की गई। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फर्जी पहचान पत्रों के जरिए ट्रैक्टर फाइनेंस कराने की पुष्टि हुई है। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ सदर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में कोई अन्य कर्मचारी या व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। साथ ही जिन लोगों के नाम पर दस्तावेज तैयार किए गए, उनकी भी जांच की जा रही है। वित्तीय लेनदेन और बैंक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।