news-details

मथुरा में ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, कॉलोनी में मची अफरा-तफरी

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित पुष्पांजलि उपवन कॉलोनी में देर रात एक विद्युत ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में ट्रांसफार्मर धधकते आग के गोले में बदल गया। ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई और दहशत में कई परिवार घरों से बाहर निकल आए।स्थानीय लोगों के अनुसार आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और विद्युत विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने सबसे पहले इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। इसके बाद दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।आग लगने से आसपास के कई घरों में बिजली फाल्ट की समस्या भी उत्पन्न हो गई। कुछ लोगों ने घरेलू उपकरण खराब होने की शिकायत भी की है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि यदि ट्रांसफार्मर फट जाता तो आसपास के मकानों को भारी नुकसान हो सकता था। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग और कॉलोनी प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इलाके में लगातार बढ़ते बिजली लोड के बावजूद कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाए गए थे। इसकी शिकायत पहले भी कई बार की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया। लोगों ने भीषण गर्मी और अत्यधिक लोड को आग लगने की संभावित वजह बताया है। फिलहाल विद्युत विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है