news-details

ना हम चैन से बैठेंगे, ना अफसरों को बैठने देंगे’:हसन रूमी

You can share this post!


5 साल से गड्ढों में फंसी सड़क, अब पीएमओ पहुंची जनता की पुकार

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। छावनी विधानसभा क्षेत्र में वर्षों से खराब पड़ी सड़क और लंबे समय से लंबित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का मामला अब प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंच गया है। क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद हसन रूमी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर सीओडी क्रॉसिंग से हरिहरनाथ धाम और श्याम नगर तक जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण तथा सुजातगंज रेलवे पुल मार्ग के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। रविवार को सुजातगंज क्रॉसिंग के निकट समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। विधायक मोहम्मद हसन रूमी स्वयं प्रदर्शन में शामिल हुए और करीब 200 मीटर तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने सड़क के गड्ढों में फूल डालकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया और क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर नाराजगी जताई।विधायक ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से सड़क की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं, लेकिन गड्ढों और खराब सड़क के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क की खराब हालत के कारण दुर्घटनाएं भी लगातार हो रही हैं। उनका आरोप है कि नवंबर माह में सेना के अधिकारियों द्वारा सड़क निर्माण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्य शुरू नहीं किया गया।हसन रूमी ने बताया कि सड़क और रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय, रक्षा मंत्रालय और रेल मंत्रालय को ज्ञापन भेजा गया है। इसके अलावा कई बार ई-मेल के माध्यम से भी शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।धरना स्थल से विधायक ने कहा कि जनता ने उन्हें अपनी आवाज बनाकर विधानसभा भेजा है और जब वह उनकी मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं करा पा रहे हैं तो उन्हें अपने मतदाताओं के साथ बेईमानी जैसा महसूस होता है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाना उनका कर्तव्य है।विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण और रेलवे पुल परियोजना पर काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता वर्षों से समस्याओं का सामना कर रही है।प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय भेजे जाने की जानकारी दी गई है।


“छावनी विधानसभा क्षेत्र की सड़कें पिछले पांच वर्षों से बदहाल हैं, जिससे जनता को लगातार परेशानी और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ। अब मामला पीएमओ तक भेजा गया है और जल्द समाधान न हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।”-हसन रूमी का बयान