
पारदर्शी विकास ब्यूरो | कुशीनगर
नेपाल में आई बाढ़ के बाद गंडक/नारायणी नदी में बहकर आए सात अज्ञात शव कुशीनगर जनपद के नदी क्षेत्र से बरामद हुए हैं। शवों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। जिला प्रशासन ने सभी शवों को ससम्मान जिला अस्पताल, कुशीनगर के डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखवाया है।अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने बताया कि बाढ़ के कारण गंडक/नारायणी नदी क्षेत्र से अब तक कुल सात अज्ञात शव प्राप्त हुए हैं। शवों की पहचान के लिए प्रशासन गंभीरता से प्रयास कर रहा है। नेपाल के सीमावर्ती जिलों के प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क एवं समन्वय स्थापित किया जा रहा है।प्रशासन की ओर से शवों की पहचान के साथ-साथ संभावित परिजनों की जानकारी जुटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पहचान होने के बाद निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके उपरांत संबंधित शव को नियमानुसार पूरे सम्मान के साथ परिजनों अथवा अधिकृत प्रतिनिधि को सौंपा जाएगा।अपर जिलाधिकारी ने कहा कि पूरे मामले में प्रशासन द्वारा मानवीय संवेदनाओं और मृतकों की गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। निर्धारित वैधानिक प्रोटोकॉल का पालन करते हुए शवों का सुरक्षित संरक्षण और पहचान की प्रक्रिया जारी है।