
PARDARSHI VIKASH NEWS इंदौर की 18 वर्षीय नीट अभ्यर्थी निक्की यादव का शव खरगोन जिले में नर्मदा नदी से मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। लसूड़िया क्षेत्र के तलावली चांदा की रहने वाली निक्की रविवार को नीट यूजी परीक्षा देने घर से निकली थी। उसका परीक्षा केंद्र मऊ में था। परीक्षा समाप्त होने के बाद उसने एक अन्य छात्रा के मोबाइल से अपनी मां को फोन कर बताया था कि उसका मोबाइल बंद हो गया है और वह जल्द घर पहुंच जाएगी, लेकिन इसके बाद परिवार का उससे संपर्क नहीं हो सका। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और तलाश शुरू कराई। सोमवार को खरगोन के करही थाना क्षेत्र में नर्मदा नदी से एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली, जिसकी पहचान निक्की यादव के रूप में हुई। पुलिस प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। निक्की डॉक्टर बनने का सपना देख रही थी और इससे पहले दो बार नीट परीक्षा दे चुकी थी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि रविवार रात पुलिस से मदद मांगने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा के बाद निक्की खरगोन के बड़वाह क्षेत्र तक कैसे पहुंची।