
पारदर्शी विकास न्यूज़ मथुरा। वृंदावन में नाव संचालन के लिए नई गाइडलाइन जारी होने के बाद नाविकों में विरोध शुरू हो गया है। नगर निगम ने नाव संचालन के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया है, लेकिन शुल्क में भारी बढ़ोतरी से नाविक नाराज हैं।शनिवार को नाविक कांग्रेस नेताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात कर रजिस्ट्रेशन फीस कम करने की मांग उठाई।नई गाइडलाइन के अनुसार चप्पू नाव के लिए 1000 रुपये, छोटे स्टीमर के लिए 5000 रुपये और बड़े स्टीमर के लिए 10 हजार रुपये वार्षिक शुल्क तय किया गया है। नाविकों का कहना है कि पहले यह शुल्क 10 से 25 रुपये तक था, ऐसे में अचानक इतनी बढ़ोतरी गलत है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि निषाद समाज अपने अधिकारों की मांग को लेकर प्रशासन के पास आया है। अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।प्रदेश प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि नाविकों से मनमाना शुल्क वसूला जा रहा है और क्रूज संचालन के नाम पर छोटे नाविकों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है।जिलाधिकारी ने नाविकों को उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।