news-details

नकबजनी का खुलासा, चोरी के सामान के साथ एक गिरफ्तार

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुबेरस्थान पुलिस ने नकबजनी की घटना का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के दो टिन धारा रिफाइन और एक हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप चौहान पुत्र पप्पू चौहान, निवासी सेमरा हर्दो, थाना कुबेरस्थान, कुशीनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 212/2026 से संबंधित चोरी के मामले में यह कार्रवाई की गई। आरोपी के कब्जे से एक बोरे में रखे दो टिन धारा रिफाइन और नकदी बरामद हुई। मामले में पहले बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज था। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सेवरही थाने में भी धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार गौतम, कांस्टेबल नन्द किशोर सिंह और रिजर्व कांस्टेबल कृष्णानन्द यादव शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक, मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।