news-details

नकलविहीन परीक्षा के लिए सुरक्षा का कड़ा घेरा

You can share this post!


पारदर्शी विकास ब्यूरो
महोबा।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में बताया गया कि जनपद के पांच परीक्षा केंद्रों पर 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 2064 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अधिकारियों ने भर्ती बोर्ड की एसओपी और दिशा-निर्देशों का विस्तार से अध्ययन कराया तथा प्रशिक्षण वीडियो के माध्यम से परीक्षा संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। डीएम और एसपी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों का समय से सैनिटाइजेशन कराया जाए तथा परीक्षा कक्षों, स्ट्रांग रूम, कंट्रोल रूम और प्रवेश-निकास द्वारों पर सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाए। गोपनीय सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं परिवहन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग, प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रोक, महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा कराने तथा हर गतिविधि की निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने स्पष्ट कहा कि भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।