
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए कोतवाली पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 20 किलो से अधिक गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, शनिवार रात कोतवाली पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एसबीआई चौराहे से धौली प्याऊ रोड स्थित रेलवे फाटक के पास दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में गांजा मिला, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुल मोहम्मद (26) पुत्र नूर मोहम्मद और शाहरुख (25) पुत्र तय्यूब के रूप में हुई है, जो कासगंज जनपद के थाना सोरो क्षेत्र के मल्लहार नगर के निवासी हैं। पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 किलो 146 ग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और किस बड़े नेटवर्क से इसका संबंध है।अधिकारियों के अनुसार, नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और पूरे क्षेत्र में सख्त निगरानी की जा रही है।