news-details

ऑटो खराब होने से परेशान युवक पानी की टंकी पर चढ़ा

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बर्रा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक 50 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया और वहां से कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। युवक ने टंकी पर बैठकर शराब पी और राहगीरों से गाली-गलौज करते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा। जरौली फेस-1 निवासी शैलेंद्र दुबे ऑटो चालक हैं। पुलिस के मुताबिक वह शराब के आदी हैं और उनके दो ऑटो इस समय खराब पड़े हैं। आर्थिक तंगी के चलते वह काफी परेशान चल रहे थे। मंगलवार सुबह उन्होंने अपने पिता चंद्र कुमार दुबे से ऑटो ठीक कराने के लिए पैसे मांगे, लेकिन पैसे न मिलने पर वह नाराज हो गए। इसके बाद शैलेंद्र शराब लेकर करीब साढ़े सात बजे इलाके की पानी की टंकी पर चढ़ गए। वहां बैठकर उन्होंने शराब पी और नीचे गुजर रहे लोगों को गालियां देने लगे। राहगीरों ने जब उन्हें नीचे उतरने को कहा तो वह और आक्रोशित हो गए। इसके बाद किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाउडहेलर के जरिए युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुआ। एक पुलिसकर्मी जब टंकी पर चढ़ने लगा तो युवक ने कूदकर जान देने की धमकी दे दी, जिसके बाद पुलिसकर्मी वापस नीचे उतर आया। पुलिस ने युवक से बातचीत कर टंकी पर चढ़ने की वजह पूछी। शैलेंद्र ने बताया कि उसके पास ऑटो ठीक कराने के लिए पैसे नहीं हैं और परिवार वालों ने भी मदद से इनकार कर दिया है। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाया और युवक को भरोसा दिलाया कि ऑटो ठीक कराने में मदद की जाएगी। काफी समझाने के बाद वह नीचे उतरने को तैयार हुआ। बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि युवक आर्थिक तंगी और नशे की हालत में पानी की टंकी पर चढ़ गया था। उसे सुरक्षित नीचे उतारने के बाद नशा मुक्ति केंद्र भेज दिया गया है।