
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को ककोर स्थित तिरंगा मैदान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इसमें 457 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें 453 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाजों से हुआ, जबकि चार मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलाना ने संपन्न कराया।कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विकास राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर ‘गुरु जी’ ने भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने नवदंपतियों को वस्त्र और उपहार भेंट कर सुखमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराने की महत्वपूर्ण पहल है। इससे आर्थिक अभाव के कारण परिवारों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलती है। उन्होंने नवदंपतियों से आपसी प्रेम, विश्वास और सहयोग के साथ जीवन बिताने की अपील की।भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया ने कहा कि योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता और गृहस्थी की सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। सदर विधायक गुड़िया कठेरिया और जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने भी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं।समारोह में जिलाधिकारी बृजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नवदंपतियों के परिजन मौजूद रहे।