
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। पंचायत निर्वाचन की तैयारियों के क्रम में जनपद की सभी ग्राम पंचायतों के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। यह जानकारी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा दी गई।उन्होंने बताया कि तहसील पडरौना, खड्डा, कप्तानगंज, हाटा, कसया एवं तमकुहीराज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी ग्राम पंचायतों की निर्वाचक नामावली में आवश्यक संशोधन करते हुए उत्तर प्रदेश पंचायत राज (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण) नियमावली, 1994 के प्रावधानों के अनुसार अंतिम मतदाता सूची तैयार कर प्रकाशित कर दी गई है।प्रपत्र-7 के तहत जारी सूचना के अनुसार प्रकाशित निर्वाचक नामावली की प्रतियां निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, संबंधित खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय तथा ग्राम पंचायत कार्यालयों में 10 जून 2026 से 13 जून 2026 तक अवलोकन एवं निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगी।प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों के सभी मतदाताओं एवं आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित कार्यालयों में पहुंचकर प्रकाशित निर्वाचक नामावली का अवलोकन करें और अपने नाम तथा अन्य विवरणों की जांच कर लें।