
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। अमेठी -गौरीगंज -प्रतापगढ मार्ग के चौड़ीकरण का काम तेजी से शुरू हो गया है।सडक के किनारे हजारों की संख्या में पेड़ काट दिए गए हैं। मशीनें और मजदूर एक साथ काम पर है,इस बीच लोक निर्माण विभाग सुल्तानपुर -राष्ट्रीय राजमार्ग खंड की ओर से अतिक्रमण हटाने को लेकर जारी की गई एक नोटिस से नगर के व्यापारियों में हड़कंप का माहौल है। गुरुवार को नगर के अंदर लोक निर्माण विभाग और एन एच ए आई की जमीन की सीमा निर्धारण के लिए की गई पैमाइश के बाद व्यापारी बचाव की मुद्रा में हैं।नगर में सड़क तक बनी दुकानों और पक्के निर्माणों के टूटने के खतरे ने दुकानदारों और व्यापारियों की नींद उडा दी है। अतिक्रमण हटाओ अभियान को रोकने और नगर के अंदर लगभग 2.5किमी सड़क का चौड़ीकरण न करने के लिए व्यापार मंडल के दो संगठनों ने शुक्रवार को प्रभारी डी एम पूजा साहू से मिलकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लोक निर्माण विभाग के एन एच विभाग की ओर से जारी नोटिस को वापस लेने और व्यापारी हितों की सुरक्षा की मांग की गई है।उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष महेश सोनी के नेतृत्व में व्यापारियों ने मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान न चलाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि अमेठी नगर के चारों ओर रिंग रोड/, बाईपास का निर्माण हो चुका है ।भारी वाहनों के प्रवेश और व्यस्त यातायात का दबाव खत्म हो चुका है,ऐसी स्थिति में नगर के अन्तर्गत सड़क चौड़ीकरण की कोई जरूरत नहीं है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के कंछल गुट के अध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल के साथ शुक्रवार को व्यापार मंडल के नेता सी डी ओ से मिले।सी डी ओ पूजा साहू को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के अन्तर्गत नगर में निर्मित स्थायी प्रतिष्ठानों से कोई छेड़छाड़ न की जाय। नगर पंचायत की ओर से नगर में नालियों का निर्माण कराया गया है। नालियों की बाउंड्री वॉल के अंतर्गत स्थित सभी स्थाई निर्माण सुरक्षित रखें जाएं और अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर व्यापारियों को कोई नुक्सान न होने पाए।इस ज्ञापन में भी कहा गया है कि नगर के अंदर ढाई किलो लम्बाई में सड़क को चौड़ा करने की कोई जरूरत नहीं है।ओवर ब्रिज, बाईपास और रिंग रोड बनने के बाद जाम की समस्या पूरी तरह दूर हो गई है।
कोट
नगर अमेठी में अब रोड जाम और यातायात की कोई समस्या नहीं है। सैकड़ों साल से नगर में बसे छोटे बड़े व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने के नाम पर परेशान करना न्यायोचित नहीं है, इसके पहले ओवर ब्रिज के निर्माण के समय कई व्यापारी नुकसान उठा चुके हैं। व्यापारियों का हित हमारे लिए सर्वोपरि है।नगर में सड़क चौड़ीकरण की कोई आवश्यकता नहीं है। हमने प्रभारी जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू से मुलाकात कर ज्ञापन दिया है।हमें पूरा भरोसा है कि प्रशासन हमारी मांग पर विचार करेगा और किसी भी तरह की उत्पीड़न और अशांति की स्थिति नहीं आएगी।-महेश सोनी