
तनिश सिंह
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को निराला प्रेक्षागृह में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर तथा फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।सम्मेलन में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया गया। प्रदर्शनी में गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, डिजिटल इंडिया और आधारभूत ढांचे के विकास से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और सरकार के कार्यों को करीब से जाना।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल क्रांति, बेहतर बुनियादी सुविधाओं और गरीबों के उत्थान को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, सदर विधायक पंकज गुप्ता, बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार, पुरवा विधायक अनिल सिंह, भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला, सफीपुर विधायक बंबालाल दिवाकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन का उद्देश्य केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। विकसित भारत का संकल्प साकार करने के लिए सरकार लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।-डॉ. महेंद्र सिंह, विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री