
लखनऊ की फर्म ने बैंक लोन हड़पा, डीएम के आदेश पर केस दर्ज
सुल्तानपुर । केंद्र सरकार की 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के नाम पर लाखों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। डीएम के निर्देश पर यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी ने एक वेंडर फर्म और उसके प्रतिनिधि के खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कराया है।यह धोखाधड़ी सोलर प्लांट लगाने के नाम पर उपभोक्ताओं के साथ की गई है। यूपीनेडा कार्यालय द्वारा कोतवाली सदर पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, सुल्तानपुर के तीन उपभोक्ताओं ने इस संबंध में जिलाधिकारी से लिखित शिकायत की थी।ठगी का आरोप यूपीनेडा में पंजीकृत वेंडर फर्म 'मेसर्स ओइको श्रीम इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड' (ए-19 फ्रेंड्स कॉलोनी, अमर शहीद पथ, लखनऊ) और उसके प्रतिनिधि राज कुमार सिंह पर है।आरोप है कि फर्म ने लगभग 1 साल 2 महीने पहले उपभोक्ताओं के नाम पर बैंक से लोन स्वीकृत कराया। लोन की बड़ी राशि सीधे फर्म के खाते में जमा हो गई, लेकिन पीड़ितों के घरों पर आज तक सोलर प्लांट नहीं लगाए गए।
पीड़ितों में नंदलाल तिवारी (ओम नगर, सुल्तानपुर), राजेंद्र प्रसाद गुप्ता (करुणा शंकर कॉलोनी, सुल्तानपुर) और मोहित मिश्रा (बढ़ैयाबीर, सुल्तानपुर) शामिल हैं। नंदलाल तिवारी के नाम पर एसबीआई से 1,80,000 रुपये, जबकि राजेंद्र प्रसाद गुप्ता और मोहित मिश्रा के नाम पर 1,75,500-1,75,500 रुपये की राशि फर्म के खाते में ट्रांसफर की गई थी।जिलाधिकारी के आदेश पर यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। कोतवाली सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जितेंद्र राज को सौंपी गई है।