news-details

पीएम सूर्य घर योजना में ऋण स्वीकृति में देरी बर्दाश्त नहीं, लक्ष्य समय पर पूरा करें: सीडीओ

You can share this post!

 

 

औरैया। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों, बैंकों और वेंडरों को निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बैंकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत सोलर रूफटॉप प्लांट लगाने के लिए जनसमर्थ पोर्टल पर प्राप्त ऋण आवेदनों का निस्तारण बिना किसी अनावश्यक विलंब के किया जाए तथा पात्र उपभोक्ताओं को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि ऋण स्वीकृति में देरी से योजना की गति प्रभावित होती है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों की विद्युत संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। साथ ही नए लाभार्थियों के यहां स्मार्ट मीटर लगाने तथा नेट मीटरिंग एवं कॉन्फिगरेशन की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए। बैठक में परियोजना अधिकारी नेडा विमलेश कुमार ने बताया कि जनपद को जुलाई माह तक 4554 सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके सापेक्ष अब तक 3741 सोलर रूफटॉप स्थापित किए जा चुके हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकृत वेंडरों को निर्देश दिए कि माह के अंत तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करते हुए स्वीकृत पत्रावलियों के अनुरूप सभी लाभार्थियों के यहां शीघ्र सोलर रूफटॉप स्थापित कराए जाएं। बैठक में परियोजना अधिकारी नेडा विमलेश कुमार, विद्युत विभाग के संतोष कुमार, अधिशासी अभियंता (मीटर) राजीव सिंह, एलडीएम औरैया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधकों सहित जनपद के सभी अधिकृत वेंडर उपस्थित रहे।