
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा एवं अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष के अंतर्गत जिला स्तरीय स्टीयरिंग समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में महिला एवं बालिकाओं से जुड़े मामलों तथा महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में पाक्सो एक्ट से संबंधित छह प्रकरण समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए। विचार-विमर्श के बाद चार प्रकरणों को स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि दो प्रकरण अस्वीकृत कर दिए गए। समिति ने पाक्सो मामलों में पीड़िताओं की मेडिकल जांच के दौरान आवश्यक सहयोग और समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नियमानुसार पात्र पीड़िताओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके बाद मिशन वात्सल्य, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड और जिला बाल संरक्षण इकाई की कार्यप्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, वन स्टॉप सेंटर तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की भी जानकारी ली गई। अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बालिकाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई पर जोर दिया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।