
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी / जामो । थाना क्षेत्र में हुए पूनम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में वांछित आरोपी मृतका के देवर देवा (उम्र करीब 23 वर्ष, पुत्र पारसनाथ) को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की फंटी भी बरामद कर ली गई है।पुलिस पूछताछ में आरोपी देवा ने बताया कि उसकी भाभी पूनम काफी समय से मायके में रह रही थी। घर में खाना बनाने वाला कोई नहीं था, जिसके बाद समझाने पर पूनम 19 अगस्त को ससुराल लौटी थी। खाना बनाने और देने को लेकर देवर-भाभी के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर देवा ने पूनम का गला दबा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।इसके बाद, देवा ने पास रखी लोहे की फंटी से पूनम के चेहरे और सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की फंटी को घर के एक बक्से में छिपा दिया था। उसने लोगों को गुमराह करने की कोशिश करते हुए घटनास्थल पर सब्जी काटने वाले चाकू पर खून लगाकर उसे पूनम के पास रख दिया। देवा ने यह कहानी गढ़ने का प्रयास किया कि पूनम ने खुद को चाकू मार लिया था। घटना के समय मृतका की मासूम बेटी भी घर में मौजूद थी। मां की मौत के बाद बच्ची के रोने और चीखने से माहौल गमगीन हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह सहित पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर बक्से से हत्या में प्रयुक्त लोहे की फंटी बरामद की। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।