news-details

प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को खंभे से बांधकर पीटा

You can share this post!

 

बाबूराम बेलवा सेमरा गांव में देर रात की घटना, डायल-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को मुक्त कराया

पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर।

कुशीनगर के बाबूराम बेलवा सेमरा गांव में गुरुवार देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे 18 वर्षीय युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि युवक को रस्सी से बिजली के खंभे में बांधकर उसकी पिटाई की गई। घटना के दो वीडियो सामने आए हैं, जिनमें युवक खंभे से बंधा दिखाई दे रहा है और कुछ लोग उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद गांव में गहमागहमी की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ से मुक्त कराकर अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार, पड़ोसी गांव बरवा पूर्दिल निवासी 18 वर्षीय युवक गुरुवार रात करीब दो बजे एक महिला से मिलने गन्ने के खेत में पहुंचा था। बताया जा रहा है कि महिला तीन बच्चों की मां है। इसी दौरान महिला के परिजनों और गांव के कुछ युवकों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि महिला मौके से निकल गई, जबकि युवक को रस्सी से बिजली के खंभे में बांधकर उसकी पिटाई की गई।

बताया जा रहा है कि युवक की पिटाई होते देख महिला ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर युवक को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ उसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं थी। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को भीड़ से मुक्त कराया और उपचार के लिए कोटवा स्थित सरकारी अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने महिला के परिवार के एक व्यक्ति को थाने लाकर पूछताछ की। उपचार के बाद युवक को भी थाने लाया गया। घटना में दो समुदायों से जुड़े लोगों का मामला होने के कारण गांव में तनाव और गहमागहमी की स्थिति बनी रही। पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में निगरानी कर रही है।

प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध शांति भंग की कार्रवाई की है। उनके मुताबिक, गांव में स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार नजर रख रही है।

 

पुलिस की अपील: किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। किसी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें और जांच तथा कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस-प्रशासन को जिम्मेदारी निभाने दें।