news-details

प्रेस वार्ता में पप्पू यादव का बड़ा राजनीतिक हमला

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कांग्रेस सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने शुक्रवार को कानपुर के तिलक हॉल स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर केंद्र सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि यदि चढ़ावे और दान के प्रबंधन में किसी प्रकार की अनियमितता के आरोप लगे हैं तो पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए।पप्पू यादव ने कहा कि राम मंदिर निर्माण का राजनीतिक श्रेय लेने वाली भारतीय जनता पार्टी को इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देशभर से श्रद्धालु आस्था के साथ मंदिरों में दान करते हैं, इसलिए उनके धन का प्रबंधन पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ होना चाहिए। यदि जांच में किसी भी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।अयोध्या जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह भगवान राम के आदर्शों में विश्वास रखते हैं और सत्य, त्याग तथा मर्यादा के मार्ग पर चलने की बात करते हैं। उन्होंने भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह के एक बयान का भी उल्लेख करते हुए राम मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और स्वतंत्र जांच की मांग दोहराई।प्रेस वार्ता के दौरान पप्पू यादव ने स्वयंभू बाबाओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सनातन के नाम पर लोगों को भ्रमित करने वालों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने बिहार में पुलों और एक्सप्रेस-वे की स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस संबंध में वह केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष अपनी बात रख चुके हैं।उन्होंने राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि चुनाव केवल सोशल मीडिया या पैसे के दम पर नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर संघर्ष करने से जीते जाते हैं। इस दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता, प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता सहित कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे।