
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज। संगम नगरी और आसपास के जिलों की कृषि उपज अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बना रही है। प्रयागराज मंडल से होने वाले कृषि उत्पादों के निर्यात में पिछले तीन वर्षों में 12 गुना से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023-24 में प्रयागराज मंडल से करीब 6.497 करोड़ रुपये मूल्य के कृषि उत्पादों का निर्यात हुआ था। वहीं वर्ष 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर 79.277 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया।वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत भी बेहतर रही है। मार्च से मई के बीच ही चावल और आंवले का करीब 5 करोड़ रुपये का निर्यात किया गया है। इससे स्थानीय उत्पादों की वैश्विक बाजार में बढ़ती मांग का पता चलता है।निर्यात बढ़ने से किसानों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिलने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है, जिससे आय में वृद्धि हो रही है।इसके साथ ही कृषि व्यापार के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि निर्यात को बढ़ावा मिलने से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।