
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय (एसआरएमयू) के इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के कंप्यूटर साइंस एंड इंफॉर्मेशन सिस्टम विभाग के शोधार्थी अवध किशोर सिंह ने पौधों में बीमारी की पहचान को लेकर अपना पीएचडी शोध प्रबंध प्रस्तुत किया। उनका शोध “Analysis and Modeling of Disease Detection System in Plants” विषय पर केंद्रित है। शोध कार्य उन्होंने शोध पर्यवेक्षक डॉ. नित्यानंद द्विवेदी के मार्गदर्शन में पूरा किया।शोध में पौधों की बीमारियों की शुरुआती और सटीक पहचान के लिए मशीन लर्निंग (एमएल) तथा डीप लर्निंग (डीएल) आधारित तकनीकों का अध्ययन किया गया है। शोध के अनुसार पौधों में होने वाली बीमारियां फसल की गुणवत्ता और उत्पादन को प्रभावित करती हैं। वहीं, पारंपरिक तरीके से बीमारी की पहचान करने में अधिक समय और मेहनत लगती है।अध्ययन में इमेज रिकग्निशन आधारित कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीकों को रोग और कीटों की पहचान के लिए उपयोगी बताया गया है। शोध में यह भी सामने आया कि कई मौजूदा अध्ययन सीमित डेटासेट और नियंत्रित परिस्थितियों पर आधारित हैं। वास्तविक कृषि परिस्थितियों में अलग-अलग मौसम, भौगोलिक क्षेत्रों और पौधों की विकास अवस्थाओं से चित्र जुटाना अधिक प्रभावी और विश्वसनीय रोग पहचान प्रणाली विकसित करने में मददगार हो सकता है।