news-details

पौधरोपण की तैयारी करें विभाग, पुरहा नदी पुनरुद्धार में तेजी के निर्देश

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट के मानस सभागार में जिला गंगा समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक हुई। इसमें पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, पुरहा नदी पुनरुद्धार और कचरा प्रबंधन की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने आगामी वर्ष के वृक्षारोपण अभियान के लिए सभी विभागों को माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण और देखभाल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। पौधरोपण के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन समय से किया जाए।पुरहा नदी के पुनरुद्धार की समीक्षा करते हुए सिंचाई विभाग को शेष कार्यों का आकलन कर आवश्यक बजट का प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि काम में देरी न हो।नगर पालिका परिषद औरैया के अधिशासी अधिकारी को गोविंद नगर स्थित ओपन डंपिंग साइट का निस्तारण कराने तथा शहर में कचरे के व्यवस्थित संग्रहण और निस्तारण पर ध्यान देने को कहा गया। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बायोमेडिकल वेस्ट का पृथक्करण, संग्रहण और सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में प्रभागीय वन अधिकारी डॉ. सी.पी. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।