
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। थाना क्षेत्र के धतुरहा गांव में आबादी की भूमि पर खड़े नीम के पेड़ को काटने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विरोध करने पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका दाहिना कान कट गया।घायल को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया। मामले में गांव निवासी रेनू पत्नी शोभनाथ ने चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।तहरीर के अनुसार, विवादित भूमि का मामला न्यायालय में विचाराधीन है और स्थगन आदेश भी लागू है। इसके बावजूद आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने सुबह करीब सात बजे पेड़ कटवाने का प्रयास किया और विरोध करने पर हमला कर दिया।पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।