
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सांसद रमेश अवस्थी ने बुधवार को सांसद सेवा केंद्र में जल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर में चल रहे पेयजल और जलापूर्ति से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लोगों तक स्वच्छ और शुद्ध पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में सांसद ने पाइपलाइन और पानी की आपूर्ति से संबंधित अधूरे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सभी लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने को कहा। साथ ही, जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को परेशानी न हो। सांसद ने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनहित से जुड़े कार्य समय पर पूरे होने चाहिए और उनकी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित निगरानी कर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने को भी कहा। बैठक में जल निगम के मुख्य अभियंता आर.के. पंकज, अधीक्षण अभियंता कमलेश सिंह, अधिशासी अभियंता अजमल हुसैन और प्रवीण यादव मौजूद रहे। अधिकारियों ने सांसद को निर्देशों का समय पर पालन करने और परियोजनाओं को पूरा कराने का भरोसा दिलाया।