
9,288 अभ्यर्थियों की परीक्षा पर रहेगी कड़ी निगरानी!
पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ की प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को जनपद के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कैलाश नाथ बालिका इंटर कॉलेज एवं जे.एन.के. इंटर कॉलेज पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी और परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से परीक्षा संचालन की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए। प्रत्येक अभ्यर्थी का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बायोमेट्रिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाए और कंट्रोल रूम सक्रिय रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं होगा। लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।जनपद में परीक्षा के लिए कुल 9,288 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी 21 केंद्रों पर एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने केंद्रों पर सतत निगरानी रखने और जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।