
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गुजैनी थाना क्षेत्र में थाने से महज 200 मीटर दूरी पर टप्पेबाजों ने एक महिला को पति और बेटे की हत्या का डर दिखाकर लाखों रुपये के जेवरात ठग लिए। आरोपियों ने धमकी देकर महिला से मंगलसूत्र, पर्स और घर में रखे अन्य गहने ले लिए। पीड़िता ने घर पहुंचकर पति को घटना बताई, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। रविदासपुरम निवासी सुरेश कुमार स्कूली वैन चालक हैं। उनकी पत्नी बिन्दन देवी रविवार रात बर्रा-8 स्थित अपनी ननद के घर से लौट रही थीं। गोविंद स्वीट हाउस के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। एक युवक हेलमेट और दूसरा नकाब लगाए था।आरोप है कि युवकों ने महिला को पति और बेटे की फोटो दिखाकर डराया और मंगलसूत्र न देने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण महिला ने मंगलसूत्र और पर्स में रखे 600 रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी महिला को घर से जेवर लाने के लिए दबाव बनाकर कुछ दूरी पर ले गए। महिला ने घर से सोने-चांदी के जेवर लाकर आरोपियों को सौंप दिए।वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़िता की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही है।