news-details

PM मोदी ओडिशा दौरे पर पहुंचे, राष्ट्रपति मुर्मू के साथ ₹47,600 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर ओडिशा पहुंचे। उनका हेलिकॉप्टर पश्चिम बंगाल के कलाईकुंडा एयरबेस से मयूरभंज जिले के पहाड़पुर हेलीपैड पहुंचा। राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनका स्वागत किया।इसके बाद पीएम मोदी मुख्यमंत्री माझी के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ससुराल गांव पहाड़पुर पहुंचे। यहां राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री एक कार्यक्रम में शामिल हुए। शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 67वां जन्मदिन भी है।दोपहर 1 बजे प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ओडिशा में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान ऊर्जा, सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और पेयजल से जुड़ी ₹47,600 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।खराब मौसम के कारण राष्ट्रपति मुर्मू को शुक्रवार को हेलिकॉप्टर की जगह सड़क मार्ग से ओडिशा पहुंचना पड़ा था। शनिवार सुबह पहाड़पुर पहुंचने पर लोगों ने फूल, पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और आदिवासी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए उनका स्वागत किया।पीएम मोदी कई बड़े प्रोजेक्ट्स की शुरुआत करेंगे, जिनमें अपर इंद्रावती पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट, IB थर्मल पावर स्टेशन विस्तार, भारत कोल गैसीफिकेशन एंड केमिकल्स लिमिटेड प्रोजेक्ट, कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और सड़क-रेल से जुड़े कई विकास कार्य शामिल हैं।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का राजनीतिक सफर भी ओडिशा से शुरू हुआ था। उन्होंने 1997 में रायरंगपुर नगर पंचायत की पार्षद के रूप में राजनीति में कदम रखा। बाद में वह विधायक, मंत्री, झारखंड की राज्यपाल बनीं और 2022 में देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति चुनी गईं।