
PARDARSHI VIKASH NEWS राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली कर दिया। भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार आज बंगला खाली करने की अंतिम तारीख थी। सुबह से ही आवास से सामान दूसरी जगह शिफ्ट किया जाता रहा। सूत्रों के अनुसार तेजस्वी यादव फिलहाल 1 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास में शिफ्ट हो गए हैं, जबकि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी भी अस्थायी रूप से उनके साथ रह सकते हैं।सोमवार सुबह लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव कुछ देर के लिए 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पहुंचे। वहां जरूरी सामान और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद वे 1 पोलो रोड के लिए रवाना हो गए। दूसरी ओर, राबड़ी देवी को आवंटित 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास अभी पूरी तरह तैयार नहीं है। वहां करीब 70 प्रतिशत निर्माण कार्य ही पूरा हुआ है। पेंटिंग, फर्नीचर, एसी, इंटीरियर और अन्य जरूरी काम अभी बाकी हैं, जिन्हें पूरा होने में लगभग एक सप्ताह और लग सकता है।भवन निर्माण विभाग ने 22 जून को अंतिम नोटिस जारी करते हुए सात दिनों के भीतर सरकारी आवास खाली करने का निर्देश दिया था। इससे पहले भी चार बार नोटिस दिए जा चुके थे। विभाग ने स्पष्ट किया था कि तय समय तक बंगला खाली नहीं करने पर बिहार सरकारी परिसर अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। सरकार यह आवास पहले ही मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर चुकी है।लालू परिवार के निजी आवास भी फिलहाल पूरी तरह तैयार नहीं हैं। कौटिल्य नगर स्थित घर में इंटीरियर, इलेक्ट्रिकल फिटिंग और फर्नीचर का काम जारी है, जबकि महुआ बाग स्थित आवास को तैयार होने में अभी तीन से चार महीने का समय लग सकता है। ऐसे में फिलहाल 1 पोलो रोड ही लालू परिवार का अस्थायी ठिकाना माना जा रहा है।