
पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। नगर पंचायत छितौनी स्थित छितौनी इंटर कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के दूसरे दिन छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर “वृद्धावस्था के लिए योग जरूरी” का संदेश दिया। रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बताया कि वर्तमान समय में वृद्धजनों में सांस संबंधी समस्याएं, जोड़ों का दर्द, उच्च रक्तचाप तथा अन्य शारीरिक परेशानियां तेजी से बढ़ रही हैं। इन समस्याओं से बचाव और बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित योग अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी दूर कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।छात्र-छात्राओं ने बताया कि केंद्र सरकार भी इस वर्ष विशेष रूप से वृद्धजनों को योग के प्रति जागरूक करने का अभियान चला रही है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में रंगोली के माध्यम से समाज को जागरूक करने का प्रयास किया गया। विद्यार्थियों ने लोगों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी योग के लिए प्रेरित करने की अपील की।विद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए।इस अवसर पर अध्यापक विजय कुशवाहा, पीटीए अध्यक्ष चंद्रभान शर्मा, पिंकी साहनी, प्रियंका साहनी, लकी शर्मा एवं सत्य प्रकाश पासवान सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।