
पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम खांदी के पास एक बिना नंबर के ट्रैक्टर द्वारा कार में टक्कर मारने से दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने नामजद ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ललितपुर नगर के इलाइट चौराहा क्षेत्र निवासी शैलेंद्र जायसवाल पुत्र अनिल कुमार जायसवाल सोमवार की शाम करीब 6.30 बजे अपनी होंडा बीआरवी कार संख्या यूपी-94-एस-0999 से परिवार के साथ ललितपुर से झांसी जा रहे थे। जब उनकी कार झांसी-ललितपुर हाईवे पर ग्राम खांदी स्थित जियो पेट्रोल पंप के समीप पहुंची, तभी सामने के कट से एक ईंटों से भरा ट्रैक्टर गलत दिशा से अचानक सड़क पर आ गया। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक लापरवाही एवं तेज गति से वाहन चला रहा था। रोंग साइड से आए ट्रैक्टर ने कार में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार शैलेंद्र जायसवाल की माता कल्पना जायसवाल तथा चाची प्रिया जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। दोनों महिलाओं का उपचार जारी है। पीडि़त शैलेंद्र जायसवाल का आरोप है कि दुर्घटना के समय ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में था तथा ट्रैक्टर पर कोई पंजीकरण नंबर भी अंकित नहीं था। स्थानीय लोगों से जानकारी करने पर चालक की पहचान ग्राम गनेशपुरा (खांदी) निवासी ऐसम यादव के रूप में हुई। पुलिस ने मामले में आरोपी ऐसम यादव के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(क), 125(ख), 324(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है।