
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। शनिवार को सवर्ण मोर्चा से जुड़े लोगों ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में लगाए गए होर्डिंग कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फाड़ दिए। इसके बाद सोशल मीडिया पर संगठन के सदस्यों को जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। सवर्ण मोर्चा के कार्यकर्ता हजरतगंज से कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री को गद्दार कहना देश की जनता का अपमान है। वहीं मोर्चा के कुछ नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनके साथियों को नुकसान पहुंचा तो वे इसका जवाब देंगे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।