
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव।
जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर मंगलवार को जिले के सभी 16 ब्लॉकों से पहुंचीं आशा बहुओं और आशा संगिनियों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटीं कार्यकर्ताओं ने सरकार से लंबे समय से लंबित राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं को धरातल तक पहुंचाने के लिए वे लगातार जिम्मेदारी निभा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी मांगों पर अब तक गंभीरता से विचार नहीं किया गया। आशा बहुओं और संगिनियों ने सरकार से उनकी समस्याओं का समाधान करते हुए राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि अपनी मांग को लेकर उनका संघर्ष लंबे समय से जारी है और सरकार को इस पर जल्द निर्णय लेना चाहिए। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी आवाज बुलंद करते हुए मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया। प्रदर्शन में सुनीता आशा संगिनी और अनीता कुशवाहा आशा बहू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहीं।