
PARDARSHI VIKASH NEWS Rajdhani Express की त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोचों में रविवार सुबह आग लग गई। हादसा मध्य प्रदेश में कोटा मंडल के लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। आग B-1 एसी कोच और उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन में लगी थी। जानकारी मिलते ही गार्ड ने लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार B-1 कोच में 68 यात्री सवार थे और करीब 15 मिनट में पूरा कोच खाली करा लिया गया। आग तेजी से फैलने के कारण दोनों कोचों का बड़ा हिस्सा जल गया, हालांकि किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। राहत और बचाव दल ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रैफिक अस्थायी रूप से रोक दिया गया और ट्रेन का बिजली कनेक्शन काटकर प्रभावित कोच अलग किए गए। कुछ यात्रियों का सामान आग में जल गया, जिस पर रेलवे ने 5-5 हजार रुपए की सहायता दी, हालांकि कई यात्रियों ने इसे लेने से इनकार कर दिया और FIR दर्ज कराने की मांग की। Indian Railways के अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारण 8 से 10 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। ट्रेन दोपहर 1:15 बजे Kota पहुंची और अतिरिक्त कोच लगाने के बाद दोपहर 2:30 बजे आगे रवाना की गई। रेलवे ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।