
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे में कथित चोरी के मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। इस संबंध में सोमवार को भाकपा के जिला मंत्री कामरेड इस्लाम अंसारी के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कुशीनगर के माध्यम से सौंपा गया।ज्ञापन में कहा गया है कि श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए देशभर से श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान को लेकर सामने आए कथित चोरी के मामले से लोगों में गंभीर चिंता व्याप्त है। पार्टी नेताओं का कहना है कि चंदा संग्रह की प्रक्रिया, अधिकृत संस्था, रसीद व्यवस्था तथा एकत्र धनराशि के उपयोग को लेकर पूरी पारदर्शिता नहीं दिखाई गई है, जिससे आमजन के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।जिला मंत्री कामरेड इस्लाम अंसारी तथा कामरेड सुदामा यादव ने बताया कि प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत यह ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने मांग की कि चंदा संग्रह से जुड़े सभी पहलुओं की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा धनराशि के संग्रह और उसके उपयोग का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि धार्मिक आस्था के नाम पर किसी व्यक्ति या संस्था द्वारा बिना अनुमति अथवा अनियमित तरीके से धन जुटाया गया है, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।ज्ञापन पर रामअशीष, सुरेश पटेल सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं के भी हस्ताक्षर हैं। भाकपा नेताओं ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।