
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे और चांदी की शिलाओं से जुड़े कथित विवाद को लेकर सिंधी सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अंशवानी ने निष्पक्ष एसआईटी जांच की मांग की है। शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि कुछ लोग राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से भ्रामक आरोप लगा रहे हैं।अशोक अंशवानी ने 200 चांदी की शिलाओं की कथित चोरी के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि अब तक किसी भी जांच में इस तरह की चोरी की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाने वाले राजू मनवानी के दावों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।उन्होंने यह भी मांग की कि राम मंदिर निर्माण के लिए देश-विदेश से प्राप्त चंदे और दान का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए। यदि कहीं किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।अंशवानी ने कहा कि इस विवाद से सिंधी समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने अपील की कि इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति से बचते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सभी तथ्यों से जनता को अवगत कराया जा सके।