
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भीखमपुर दयालपुर निवासी एक युवक ने रास्ते में खड़ी कार हटाने के लिए कहने पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाते हुए चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। मोहल्ला भीखमपुर दयालपुर निवासी शशांक पोरवाल ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि शनिवार रात करीब 11:20 बजे वह बाइक से घर जा रहा था। रास्ते में मोहल्ले के ही संजू कश्यप की ईको कार खड़ी थी। आरोप है कि कार को किनारे करने के लिए कहने पर संजू कश्यप, रोहित कश्यप, शकुंतला कश्यप और चिटकापुर निवासी एक युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि चारों लोगों ने एक राय होकर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। घायल युवक ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।